ईद की नमाज के बाद बले मिल एक दूसरी को ईदकी बधाई देते बच्चे।
श्रावस्ती। जिले में ईद का पर्व सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भिनगा सहित जिले के अन्य ईदगाहों में ईद की नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिल लोगों ने ईद की मुबारकबाद दी। ईद मिलन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए ईदगाहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों में पेश इमाम की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान ईदगाह तिराहे से लेकर तहसील तिराहे तक आवागमन पर रोक लगाई गई थी। यही हाल इकौना, गिलौला, सिरसिया, जमुनहा, हरदत्त नगर गिरंट, बदला, नासिरगंज, भंगहा, लक्ष्मणपुर बाजार, सेमगढा आदि क्षेत्रों का भी रहा।
दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी घनश्याम चौरसिया ने भिनगा ईदगाह पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सभी स्थानों पर स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी व होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया था। साथ ही संबंधित एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना व चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे। घरों में ईद मिलन के दौरान सेवईं खिलाकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस मौके पर भिनगा में भिनगा सांसद राम शिरोमणि वर्मा, विधायक इंद्राणी वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।