श्रावस्ती। सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत गुरुवार को हुई। इस दौरान एआरटीओ कार्यालय से जागरूकता वाहन निकाला गया जिसे सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन व सीओ यातायात ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात व सीओ सिटी हौसला प्रसाद ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में खुद भी सुरक्षित रहें तथा दूसरे को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नरेश कुमार वर्मा ने कहा कि वाहन के सामने रिफ्लेक्टर का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। इससे दुर्घटना की आशंका कम रहती हैं।
यदि कोई यातायात का उल्लंघन करता मिला अथवा वाहन पर अनाधिकृत रूप से नीली बत्ती, लाल बत्ती, हूटर, सायरन, प्रेशर हार्न, गलत नंबर प्लेट, अपारदर्शी काली फिल्म और दोपहिया पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते कोई मिला तो उस पर कार्रवाई होगी।
लेखाकार सुरेंद्र कुमार ने कहा कि निर्धारित गति से तेज वाहन चलाने वालों के साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को सीजकर वाहन स्वामियों को जेल भी भेजा जा सकता है। इस मौके पर प्रधान सहायक ओपी मिश्रा, वरिष्ठ सहायक सचिन शुक्ला, शिवम सिन्हा, टीएन भट्ट, गौरव कुमार व रणवीर सिंह चौहान सहित आदि मौजूद रहे।