श्रावस्ती। जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री ने सोमवार को ब्लॉक सभागार इकौना में योजनाओं की समीक्षा बैठक की। साथ ही इकौना व गिलौला परिसर में उन्होंने पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
जिले के प्रभारी मंत्री व राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने इकौना में ब्लॉक सभागार में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार जन जन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब असहाय लोगों के उत्थान के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारियों का दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करें। सरकार की योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए। ताकि सबका विकास हो और समाज में और खुशहाली आए। कोविड से बचाव व सुरक्षा के लिए वैक्सीन लगवाना अनिवार्य है। शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण कराया जाए। जिससे इस महामारी से लोगों को सुरक्षित किया जा सके।
कोरोना काल के दौरान जो भी प्रवासी मजदूर जिले में आए है उन्हें मनरेगा से जोड़ा जाए। जिससे उन्हें कोई दिक्कत न होने पाए। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वच्छ शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाएं तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का बेहतर ढंग से संचालन करने के साथ ही शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने इकौना ब्लॉक मुख्यालय के सामने चल रहे कोविड टीकाकरण स्थल का जायजा लिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना व गिलौला पहुंचकर टीकाकरण स्थल व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे सहित जिलाधिकारी टीके शिबु व अन्य अधिकारियों ने ब्लॉक सभागार में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर एडीएम योगानंद पांडे, एसडीएम आरपी चौधरी, जिलाध्यक्ष संजय कैराती पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमन सिंह, एसीएमओ डॉ. मुकेश मातन हेलिया, खंड विकास अधिकारी इकौना एससी त्रिपाठी, गिलौला यशोबर्धन सिंह सहित संबंधित विभाग के जिला स्तरीय, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।