श्रावस्ती। जमुनहा क्षेत्र के गांवों में आजकल आवारा कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं। इसे लेकर लोगों में दहशत है। शुक्रवार को सीएचसी मल्हीपुर में 12 लोग कुत्ता काटने का इलाज कराने पहुंचे। जिन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम भेला गांव निवासी अमानत अली (8) पुत्र मुराद अली शुक्रवार को घर के सामने खेल रहा था। इसी बीच आवारा कुत्ते ने उसे काटकर घायल कर दिया। वहीं क्षेत्र के ही शिकारी गांव निवासी कलीमुन (9) पुत्री इब्राहिम, गंगाभागड़ के मजरा मुरावन पुरवा निवासी मोहित (9) पुत्र रामचंद्र, धोबिया निवासी राजितराम (35) व उत्तम कुमार (3) पुत्र राम विलास को भी कुत्ते ने काट लिया।
वहीं, हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के बेगमपुर निवासी मंसूर अली (8) पुत्र इरफान अली, मनवरिया दीवान के मजरा पटवारी पुरवा निवासी राधेश्याम (65), सेहरिया के मजरा कटकुइया निवासी सुलेमान (7) पुत्र गुड्डू, जहरूला (25) पत्नी जलील, सोनू (25) पत्नी बिलावल, सहाना (11) पुत्री बिलावल को कुत्ते ने काट कर जख्मी कर दिया। वहीं बृहस्पतिवार को बैजनाथपुर निवासी शिव कुमार (25) को कुत्ते ने काट लिया। घायलों को शुक्रवार सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। यहां चिकित्सक ने सभी को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई।
जरूरी है सावधानी
गर्मी में कुत्तों को अधिक परेशानी होती है। अक्सर कुत्ते गर्मी से परेशान होकर हमला भी कर देते हैं। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। अनायास कुत्तों को परेशान न करें। कुत्ता पालतू है तो उसे ठंडे पानी से नहलाएं। ठंडी जगह पर रखे। वहीं खुले में घूमने वाले कुत्तों से सावधान रहें। - डॉ. विनोद कुमार, प्रभारी सीवीओ
तत्काल कराएं उपचार
कुत्ता काटने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराना चाहिए। वहीं कुत्ते के काटने पर घाव को करीब 30 मिनट तक साफ पानी व डिटॉल से अच्छी तरह से धो लें। इसके बाद तुरंत किसी चिकित्सक से संपर्क कर एंटी रैबीज इंजेक्शन (एआरवी) लगवाएं। 36 घंटे में एआरवी लगवाना अनिवार्य है। जिला अस्पताल व सीएचसी पर मुफ्त में एआरवी लगाया जाता है। -डॉ. राहुल कुमार शुक्ला, चिकित्सक संयुक्त जिला चिकित्सालय