जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम।
श्रावस्ती। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने मंगलवार सुबह संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई चिकित्सक ओपीडी से नदारद रहे। इस पर डीएम ने कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश सीएमएस को दिया। अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम ने सीएमएस को फटकार लगाई।
डीएम सुबह नौ बजे संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे, इसके बाद उन्होंने एक्सरे कक्ष व अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। यहां पर कोई कर्मी मौजूद नहीं मिला। इस दौरान ओपीडी के समय तक सफाई कार्य किया जा रहा था, जबकि साफ सफाई पहले ही हो जानी चाहिए थी। शौचालय में भी गंदगी मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। लेबर रूम में दो मरीज भर्ती मिले तथा एसएनसीयू वार्ड में भी सफाई की जा रही थी। ओपीडी में कई चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने सीएमएस को समय से चिकित्सकों के उपस्थित रहने की जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया।
पीएनसी वार्ड में सफाई व चादर की गुणवत्ता दुरुस्त करने के लिए कहा। साथ ही स्टरलाइजर मशीन ठीक कराने, ड्रेसिंग रूम में पानी की आपूर्ति दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड में गंदगी मिलने पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही डीएम ने डायलिसिस वार्ड भी देखा। दवा स्टॉक रजिस्टर में कई दवाओं के नामांकित न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही सीएमएस को नियमित स्टॉक रजिस्टर देखने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को दो दिन में दुरुस्त कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह को दिए। साथ ही पुन: निरीक्षण में खामियां मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।