फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपराध की दस्तक को न करें नजरंदाज, तत्काल लें पुलिस मदद : सीओ

Mon, 30 Mar 2026 11:52 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, श्रावस्ती
विज्ञापन
जगतजीत इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी व पुलिस अ​धिकारी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
श्रावस्ती। बड़े अपराध होने से पहले वो दस्तक देते हैं। आप सभी अपराध की उस छोटी दस्तक को नजरंदाज कर देते हैं, जिससे अपराधी का हौसला बढ़ जाता है। बढ़े हौसले के साथ अपराधी बड़े अपराध को अंजाम देता है।
इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में छात्राओं को जागरूक करते हुए सीओ भिनगा सतीश कुमार शर्मा ने आगे कहा कि साइबर अपराधी पहले आप से सोशल मीडिया पर दोस्ती करते हैं। झांसे में लेकर आपकी व्यक्तिगत जानकारी ले लेते हैं और फिर उन्हीं जानकारी व ब्लैकमेलिंग के माध्यम से आपको ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे में आप सभी को अनजान लाेगों से दोस्ती करने व निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।
विज्ञापन


उन्होंने सभी छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन व जिले के पुलिस अधिकारियों के नंबरों की जानकारी दी। बताया कि पुलिस 24 घंटे आपकी मदद के लिए तत्पर है। आप सभी निर्भीक होकर अपनी पढ़ाई करें।
सीओ ने बताया कि सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय पॉसवर्ड मजबूत रखें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी व फोटो कभी साझा न करें। अगर आपके आसपास या स्कूल में कोई आपको परेशान करे, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
पुलिस की पाठशाला में मौजूद इकौना थाना प्रभारी परमानंद तिवारी, उपनिरीक्षक अर्चना, महिला आरक्षी ने भी छात्राओं को विभिन्न अपराध व उनसे बचाव की जानकारी दी।



छात्राओं ने खुलकर किया सवाल-जवाब
पुलिस की पाठशाला में मौजूद कक्षा 11 की छात्रा आयुषी जायसवाल ने सवाल किया कि अगर रास्ते में कोई परेशान करे तो क्या करना चाहिए। इस पर सीओ ने बताया कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर डॉयल 112 या 1090 पर शिकायत करें। बिना आपकी पहचान बाहर लाए, पुलिस संबंधित को सबक सिखाएगी। आप थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर भी शिकायत कर सकती हैं, जहां सिर्फ महिला पुलिस कर्मी ही तैनात रहती हैं।
कक्षा नौ की छात्रा हेमलता ने पूछा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर क्या करना चाहिए। हेमलता को समझाते हुए सीओ ने बताया कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, आपको तुरंत मदद मिलेगी।
इसके बाद कक्षा नौ की छात्रा रोशनी ने सवाल किया कि अगर कोई महिला के साथ मारपीट करे, तो क्या करना चाहिए। सीओ ने बताया कि अगर आपके आसपास कहीं भी घरेलू हिंसा हो रही है, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन कर शिकायत दर्ज करवाएं। आपकी पहचान गोपनीय रखते हुए संबंधित महिला की मदद की जाएगी।
विज्ञापन

जगतजीत इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी व पुलिस अधिकारी- फोटो : संवाद

जगतजीत इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी व पुलिस अधिकारी- फोटो : संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें