कोरोना के मद्देनजर बौद्ध मठों का निरीक्षण करते एसडीएम, एएसपी व सीओ।
- फोटो : SRAWASTI
इकौना (श्रावस्ती)। कोरोना का खौफ कम करने के लिए मंगलवार को एसडीएम इकौना ने एएसपी व सीओ के साथ बौद्ध तपोस्थली का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मठाधीशों व बौद्ध भिक्षुओं से मिल कर एहतियात बरतने को कहा। बौद्ध तपोस्थली पहुंचे उप जिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्रा ने कहा कि कोरोना दुनिया में महामारी का रूप लेता जा रहा है। इसे रोकने के लिए एहतियात व जागरूकता बेहद जरूरी है। ऐसे में आप सभी इस महामारी को रोकने में प्रशासन की मदद करें। तपोस्थली आने वाले विदेशी नागरिकों की जांच करा कर ही उन्हें प्रवेश दे।
वहीं एएसपी बीसी दुबे ने कहा कि कोरोना वायरस विदेश में अधिक प्रभावी है। इसलिए बौद्ध तपोस्थली आने वाले प्रत्येक विदेशी नागरिक की जांच के बाद ही उन्हें मठों में प्रवेश दिया जाय। अधिकारियों ने तपोस्थली स्थित होटल व श्रावस्ती बलरामपुर के बीच स्थित होटल के पास बैरियर लगा कर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जांच के बाद ही विदेशी नागरिकों को प्रवेश देने तथा बौद्ध तपोस्थली स्थित होटल व मठ मंदिर को 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है। इस दौरान सीओ इकौना तारकेश्वर पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।