श्रावस्ती। सिरसिया के प्राथमिक विद्यालय रनियापुर में मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। सभी को उनके अधिकार व कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बेटियों से किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि ईश्वर ने भी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। इस लिए हम लोगों को भी बेटे एवं बेटियों में कोई भेदभाव करने का हक नहीं है। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। हम बिना भेदभाव के अपनी बेटियों को भी बेटों के तरह से पढ़ा लिखाकर आगे बढ़ाऐं। जिससे वह अपने पैरों पर खड़े होकर अपने परिवार, समाज, गांव, मोहल्ला एवं जिले का नाम रोशन कर सकें।
जिले में बाल विवाह परंपरा खत्म की जानी चाहिए। इसके लिये सभी का सहयोग जरूरी है। यदि कोई भी अपनी बेटी का बाल विवाह करेगा तो निश्चित ही उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। बेटियों को अभी तक लोग पराया धन समझते थे। यह मानसिकता लोगों को अब बदलनी होगी। अशिक्षा समाज के विकास में बाधक रही हैं, इसलिये वह अपने बेटियों को शिक्षित जरूर करें।
जिससे वह पढ़ लिखकर आगे बढ़ सकें। इस दौरान मौजूद लोगों को बेटियों का बाल विवाह नहीं करने व बेटों के बराबर ही शिक्षा दिलाने का संकल्प दिलाया गया। एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने महिला हेल्पलाइन, 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, 1098 के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को डीपीओ आशा सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका सहित महिलाएं व किशोरियां मौजूद रहीं।