श्रावस्ती। भिनगा तहसील क्षेत्र में हुए बड़े बैनामों में स्टांप चोरी का पता लगाने को शुक्रवार को डीएम ने मौके पर सत्यापन किया। अधिकारियों से स्टांप कमी न होने देने के बारे में निर्देश दिए।
जिले में होने वाले भूमि बैनामों में क्रेता व विक्रेताओं द्वारा आपस में सांठगांठ कर स्टांप ड्यूटी कम अदा की जाती है। जिससे सरकार को राजस्व की हानि होती है। वहीं भूमि की मालियत भी कम दर्शा दी जाती है। जिसके तमाम मामले जिलाधिकारी न्यायालय पर पहुंचते हैं। इसका स्थलीय सत्यापन करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी टीके शिबु ने भिनगा तहसील क्षेत्र के भिनगा देहात व सिसवा गांव में हुए बड़े बैनामों का स्थलीय सत्यापन किया। उन्होंने साथ मौजूद सहायक महानिरीक्षक निबंधन पीएन सिंह व तहसीलदार भिनगा राज कुमार पांडे को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उनके राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपाल मौजूद रहे।