भिनगा के मोहल्ला मंगलभट्ठा में गंदगी देख भड़की डीएम।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। नगर पालिका भिनगा में गंदगी का अंबार है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ मोहल्लों में पैदल चलना भी मुश्किल है। शुक्रवार को निरीक्षण पर निकलीं डीएम को भी इस समस्या से रूबरू होना पड़ा। मिशन इंद्र धनुष के तहत हो रहे टीकाकरण का निरीक्षण करने बूथ पर जा रहीं डीएम को गंदगी से होकर गुजरना पड़ा। इससे नाराज डीएम ने ईओ को तलब कर चौबीस घंटे में सफाई कराने के निर्देश दिए।
भिनगा के कई मोहल्लों में शायद ही कभी साफ सफाई होती हो। जगह जगह गंदगी का अंबार लगा है। लोगों को इसी गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। शुक्रवार को जब डीएम यशु रुस्तगी निरीक्षण के लिए निकलीं तो उन्हें इसकी हकीकत पता चली। मामला भिनगा नगर के मोहल्ला मंगलभट्ठा का है।
यहां मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण का कैंप लगाया गया था। इसका निरीक्षण करने के लिए डीएम स्वयं बूथ जा रहीं थीं। वाहन से उतरने के बाद वह जब मोहल्ले में पहुंची तो नालियों का पानी सड़क पर भरा मिला। चारों ओर गंदगी नजर आई, जहां से पैदल निकलना भी मुश्किल दिखाई दिया।
किसी तरह डीएम बूथ पर पहुंची तो वहां भी आसपास गंदगी नजर आई। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने ईओ नगर पालिका को मौके पर तलब कर 24 घंटे में सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही रोस्टर बना कर सभी वार्डों की सफाई कराने को कहा।
कोर्ट रियासत में चल रहे टीकाकरण सत्र का जायजा लेने के लिए डीएम ने बूथ का निरीक्षण किया। यहां मौजूद एएनएम सावित्री मिश्रा को धीमी गति से कार्य करने पर फटकार लगाई। मोहल्ला मंगलभट्ठा में एएनएम स्वाती सिंह को भी फटकार लगाते हुए ड्यू लिस्ट के अनुसार बच्चों का टीकाकरण करने के निर्देश दिया।
वहीं हरिहरपुररानी के असईपुरवा में जांच के दौरान वजन करने की मशीन खराब मिली। उसे तत्काल बदलने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व पर्यवेक्षकों से पूरे मनोयोग से कार्य करके शत प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय, डब्लूएचओ की एसएमओ डॉ. प्रिया बंसल मौजूद रही।