श्रावस्ती। डीएम कृतिका शर्मा ने बुधवार शाम संयुक्त जिला चिकित्सालय व एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। डीएम ने एसएनसीयू में भर्ती नवजात शिशुओं की देखभाल बेहतर ढंग से करने का निर्देश दिया। इस दौरान ओपीडी से परामर्शदाता डाॅ. अजय सिंह अनुपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमएस को संबंधित चिकित्सक से जवाब लेकर रिपोर्ट देने को कहा। चेतावनी दी कि लापरवाह चिकित्सक व पैरामेडिकल कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पैथालॉजी में जांच कराने वाले मरीजों की संख्या, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन, ब्लड बैंक, ओपीडी, लेबर रूम, जच्चा-बच्चा वार्ड, महिला वार्ड, रसोई घर, महिला व पुरुष वार्ड, पीएनसी वार्ड, जनरल वार्ड, डायलिसिस रूम व पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अन्य अनुभागों से ब्योरा तलब किया। इस दौरान उन्होंने सीएमएस को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने का निर्देश दिया। उनके साथ सीएमएस डॉ. रामगोपाल, डाॅ. श्याम मिश्रा समेत अन्य चिकित्सक व पैरामेडिकल कर्मी मौजूद रहे।