श्रावस्ती। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की प्रबंध समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक बुधवार को डीएम व अध्यक्ष इंडियन रेडक्राॅस सोसाइटी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान डीएम ने समाजसेवियों व अधिकारियों को राज्यपाल के आगमन पर उत्कृष्ट कार्य व सहयोग करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में अध्यक्ष इंडियन रेडक्राॅस सोसाइटी व डीएम कृतिका शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारियों ने विगत वर्ष आई बाढ़ में सराहनीय कार्य किया था। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। इसी प्रकार सभी से अपेक्षा है कि इस बार भी बाढ़ व अन्य आपदाओं में प्रशासन का अपेक्षित सहयोग करेंगे। जिससे दैवीय आपदाओं से सुविधा पूर्वक निपटा जा सके। ताकि जनसामान्य को कम से कम कठिनाइयों का सामना करना पड़े।
उन्होंने रेडक्रॉस के सभी सदस्यों को दैवीय आपदाओं को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी करने की सलाह दिया। ताकि आवश्यकता पड़ने पर पूर्व की भांति रेडक्राॅस सोसाइटी जिलेवासियों की सेवा कर सके। इस दौरान उन्होंने सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसएसबी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही विगत वर्ष बाढ़ के समय राहत एवं बचाव के लिए बेहतर कार्य करने वाले समाज सेवियों, संस्थाओं व अधिकारियों को भी सम्मानित किया।
सम्मान पाने वालों में सेवा भारती, सेव द चिल्ड्रेन, पंचशील डेवलपमेंट ट्रस्ट, आनंद मार्ग संस्था शामिल रही। बैठक का संचालन सचिव व आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया। इस दौरान रेड क्रॉस के चेयरमैन श्रुति बरार सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।