श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में शनिवार कोविड 19 रोकथाम से सम्बंधित अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने सरकार द्वारा कोविड 19 के रोकथाम के लिए जारी आदेशो का कोविड प्रेाटोकॉल के मुताबिक
अक्षरश: अनुपालन करने की बात कही। जिससे कोरोना के संक्रमित मरीज किसी भी दशा में बढने न पाए और जिले को कोरोना बीमारी से मुक्ति मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि इस बीमारी से लोगों को बचाने के लिए लोगों को और जागरूक करने की आवश्यकता है। जो जन सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। इस बीमारी से बचाव के लिए सामाजिक दूरी, मास्क लगाकर ही इस बीमारी से बचा जा सकता है। इसके लिए लोग आगे आएं। वह खुद सोशल डिस्टेंसिंग अपनाएं, मास्क लगाएं तथा अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके इस्तेमाल के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज हम सभी कोविड-19 के संकट से पीड़ित हैं। बिना जन सहयोग के इस रोग पर विजय नहीं प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि जिनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है वह अपना वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। क्योंकि वैक्सीनेशन से ही इस रोग से सुरक्षा मिल सकती है। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में नवनिर्वाचित प्रधानों के साथ बैठक कर 45 वर्ष के लोगों को वैक्सीनेशन के बारे में जागरूक करें। साथ ही वैक्सीनेशन भी कराएं। लोगों को जागरूक करते हुए बताएं कि वैक्सीनेशन से किसी प्रकार कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सीएचसी, पीएचसी व हैल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर टीकाकरण से पूर्व व्यापक प्रचार प्रसार कर वैक्सीनेशन के बारे में लोगों को जागरूक करें। निर्धारित तिथियों में लेखपाल, आशा, एएनम व रोजगार सेवक की मदद से अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण अवश्य करायें। सर्वे के दौरान जो लोग लक्षणयुक्त पाए जाते हैं। उन्हें आरआरटी टीम के माध्यम से मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने अल्पसंख्यक समुदाय के मौलाना और इमाम एंव अन्य बुद्धिजीवियो से भी अपील की है कि वह स्वयं अपना वैक्सीनेशन कराएं तथा लोगों को भी वैक्सीनेशन कराने हेतु जागरूक करें। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करेगें कि संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष के साथ समन्वय बैठाते हुए यह सुनिश्चित करें कि टीकाकरण करने वाली टीम के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न हो। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही टीकाकरण के विरोध के अंतर्गत अफवाहें फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस मौके पर सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, एडीएम योगानंद पांडे, एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, जेपी चैहान, आरपी चैधरी, राजेश कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, तहसीलदार राजकुमार पांडेय, शिवध्यान पांडे, नारायन सिंह, एसीएमओ डा. मुकेश मातनहेलिया, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित डब्लूएचओ के एसएमओ मौजूद रहे।