श्रावस्ती। कोविड हास्पिटल में मिलने वाले भोजन को लेकर मरीजों की कई शिकायत मिली थी। इसी के बाद डीएम ने कोविड हास्पिटल में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर सख्ती बरती। सोमवार वह अचानक एल-वन हास्पिटल भंगहा पहुंच गए। उन्होंने मरीजों के लिए बने भोजन को चखकर गुणवत्ता जांची। इस दौरान कई दिशा-निर्देश भी चिकित्सकों को दिए।
एल-वन हास्पिटल में भर्ती मरीजों को भोजन देने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है। इस दौरान कई मरीजों ने अधिकारियों से शिकायत की थी कि अस्पताल में उन्हें मानक विहीन भोजन मिल रहा है। इसी शिकायत को संज्ञान में लेकर डीएम टीके शिबु ने अस्पताल में भोजन व्यवस्था को दुरुस्त कराते हुए हास्पिटल के रसोई में ही भोजन बनाकर मरीजों को परोसने का निर्देश दिया था।
सोमवार को भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए डीएम ने हास्पिटल का फिर से निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों के लिए बनाए गए भोजन को स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता जांची। उन्होंने सीएमओ डॉ. एपी भार्गव को निर्देश दिया कि कोविड हास्पिटल में भर्ती सभी मरीजों को प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाएं। मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन व नाश्ता दिया जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाय। समय-समय पर वार्डों में राउंड भी लगाया जाए ताकि मरीजों को कोई दिक्कत न होने पाए।
इस दौरान हुई बैठक में यह पता चला कि निगरानी समितियों द्वारा ढंग से कार्य नहीं किया जा रहा है जो बहुत ही खेदजनक है। इस पर डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी व अधिशासी अधिकारियों को निगरानी समितियों द्वारा ढंग से कार्य कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार हर्ष, अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया व प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण मौजूद रहे।