श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला पोषण समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम ने की। इस दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र पर कम बच्चे भेजे जाने की जानकारी पर डीएम ने नाराजगी जताई। वहीं डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीन दिन में आवंटित ग्राम में भ्रमण करके उसकी आख्या जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करायें।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी टीके शिबु ने जिला पोषण समिति की बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान पता चला कि पोषण पुनर्वास केन्द्र में मात्र नौ बच्चे भेजे गए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह को निर्देश दिए।
इसके साथ ही आरबीएसके टीम की ओर से निर्धारित चार बच्चे प्रति टीम के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। लक्ष्य की पूर्ति न होने पर आरबीएसके टीम का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव को निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन को दो दिन के अंदर शत प्रतिशत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दाल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं डीएम ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लाक मिशन मैनेजर एवं स्वयं सहायता समूह से वार्ता करते हुए तत्काल आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दाल वितरित कराएं। सुपोषित किए जाने के लिए अधिकारियों की ओर से गोद लिए गए गांवों का अभी तक भ्रमण करके आख्या न मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें तीन दिन में आवंटित गांव का भ्रमण कर उसकी आख्या जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रपाल, अधिशासी अभियंता विद्युत रमाशंकर मौर्य, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।