श्रावस्ती में क्वारंटीन सेंटर का जायजा लेती डीएम।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। इकौना व हरिहरपुररानी क्षेत्र में बनाए गए क्वारंटीन स्थलों का सोमवार को डीएम ने सीडीओ के साथ जायजा लिया। इस दौरान वहां मौजूद क्वारंटीन किए गए लोगों से वार्ता कर उन्हें मिल रहीं सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी यशु रुस्तगी मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय के साथ प्राथमिक विद्यालय खैरी कला पहुंचीं। जहां उन्होंने क्वारंटीन किए गए लोगों के खाने-पीने के लिए दी जा रहीं सभी सुविधाओं का जायजा लिया और मौजूद लोगों से वार्ता कर उनका हाल जाना। साथ ही लोगों को इस बीमारी से बचाव के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील भी की। इस दौरान डीएम ने ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि जिन लोगों के 14 दिन पूरे हो रहे हैं, उन्हें तत्काल उनके घर भेजें।
साथ ही यदि कोई बाहर से आया हो और इसकी सूचना मिलती है तो उसकी तुरंत जांच कराई जाए। साथ ही उसे क्वारंटीन कराया जाए। इसके बाद डीएम व सीडीओ ने नौबस्ता के मजरा भंभरापुर में क्वारंटीन किए गए लोगों का हाल जाना। साथ ही ग्राम प्रधान को सुबह-शाम सही समय पर क्वारंटीन किए गए लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया। इस दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने इकौना में कम्युनिटी किचन में दी जा रही सामग्री का जायजा लिया। साथ ही उपजिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्रा को निर्देश दिया कि वह गरीब तथा बेसहारा लोगों को नि:शुल्क खाद्यान्न मुहैया कराएं। इस दौरान सामाजिक दूरी बनाकर सामग्री वितरण कराने की सलाह भी दी। इसके बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मियों एवं मेडिकल टीमों को अपने दायित्वों का ढंग से निर्वहन करने तथा लॉकडाउन के दौरान किसी भी दशा में कोई भी व्यक्ति अपने सीमा में प्रवेश न करने पाये। इसके लिए विशेष ध्यान देने को कहा।