क्वारंटीन केंद्र के निरीक्षण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की अधिकारियों ने उड़ाई धज्जियां।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के वायरस को और फैलने से रोकने के लिए सामाजिक दूरी ही एक मात्र कारगर उपाय है। इसका जिले में कितना अनुपालन हो रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके अनुपालन की जिम्मेदारी निभाने वालों के सामने ही नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसे देखने के बाद भी अधिकारी चुप्पी साध रहे हैं।
यह तस्वीर है इंडो नेपाल सीमा क्षेत्र सिरसिया के चतुरी गांव की। जहां स्वयं जिलाधिकारी यशु रुस्तगी व सीडीओ अवनीश राय कुछ अन्य कर्मचारियों व पुलिस के साथ गांव का निरीक्षण करने पहुंची थीं। इस दौरान उनकी ओर से ग्रामीणों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, मास्क का प्रयोग करने, बार बार साबुन से हाथ धुलने अथवा सैनिटाइजर का प्रयोग करने तथा कम से कम दो मीटर की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया। जबकि हकीकत इसके विपरीत दिखी।
स्वयं डीएम व सीडीओ अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों से अधिकतम एक से डेढ़ फिट की दूरी पर ही नजर आए। इतना ही नहीं उनके साथ मौजूद कर्मचारी व ग्रामीण सोशल डिस्टेंसिंग को पूरी तरह से दरकिनार करते दिखे।