श्रावस्ती। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे बेसिक शिक्षा विभाग को 48 नए शिक्षक मिलेंगे। इसके लिए आज व कल काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें विद्यालय में तैनात किया जाएगा। हालांकि इन नए शिक्षकों की तैनाती के बावजूद विभाग में शिक्षकों की कमी बनी रहेगी।
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा प्रदेश के रिक्त 59 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके सापेक्ष प्रथम चरण में 31 हजार 277 सहायक अध्यापकों का चयन किया जाना है। जिसमें जिले को 48 सहायक अध्यापक मिलेंगे। जिनमें 12 महिला व 36 पुरुष सहायक शिक्षक होंगे। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कांउसिलिंग कराई जाएगी। पहले दिन आज बुधवार सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक सभी महिला अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। जबकि कल गुरुवार को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक सभी पुरुष अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी।
काउंसिलिंग के लिए अभयर्थियों को अपने सभी शैक्षिक एवं अन्य मूल अभिलेख, उसकी स्वप्रमाणित छाया प्रति, चार पासपोर्ट साइज फोटो, सौ रुपये को नाकरी शपथ पत्र तथा सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के नाम से निर्धारित आवेदन शुल्क सहित प्रतिभाग करना होगा। अनारक्षित व ओबीसी अभयर्थियों को पांच सौ रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों को 200 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने दी है।