प्राप्त स्मृति चिह्न के साथ सीएमओ व टीम।
श्रावस्ती। एनीमिया मुक्त भारत अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने पर जिले की स्वास्थ्य टीम को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में एनएचएम मिशन निदेशक पिंकी जोवल ने जिले की टीम को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के बेहतर समन्वय से जिले में एनीमिया मुक्त भारत अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। इसी के परिणामस्वरूप बीते वर्ष बेहतर कार्य के लिए श्रावस्ती को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे डॉ. उदयनाथ और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।
सम्मानित टीम में डीसीपीएम राकेश गुप्ता, डीएमएचसी आरती कुमारी, डीईआईसी मैनेजर प्रतीक शाक्य, आरकेएसके परामर्शदाता बबीता बाजपेई और यूनिसेफ प्रतिनिधि अनुराग शामिल रहे। सीएमओ ने बताया कि एएनएम, आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयास से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और बच्चों को आयरन-फॉलिक एसिड की खुराक व नियमित जांच का लाभ मिला। इससे यह उपलब्धि जिले को हासिल हो सकी है।