श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली का शनिवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विवेचकों के साथ बैठक कर समय से गुणवत्ता पूर्ण तरीके से विवेचनाओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी ने शनिवार शाम भिनगा कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों पर नियुक्त सभी विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया। साथ ही त्यौहार रजिस्टर की जांच की। जिसमें बीते हुए त्योहारों की प्रविष्टि अंकित मिली। इस दौरान उन्होंने थाना स्टाफ का नियमित सम्मेलन व उनकी समस्याओं को सुनकर उसका निस्तारण सक्षम अधिकारी से कराने, बीट कर्मचारियों द्वारा बीट सूचना दर्ज कराने तथा बीट सूचना पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सभी बीट प्रभारी व कर्मचारियों से अपने-अपने बीट में जाकर चौपाल लगाने व लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण किया। साथ ही कार्यालय के रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना व लावारिस तथा मुकदमाती मालों के निस्तारण के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी सहित अन्य मौजूद रहे।