सीएचसी इकौना का निरीक्षण करते एसीएमओ डॉ. उदयनाथ।
श्रावस्ती। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. उदय नाथ ने सहायक शोध अधिकारी सुरेश यादव के साथ शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रात्रिकालीन सिजेरियन प्रसव न मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल इसे शुरू करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना का भुगतान लंबित, अस्वच्छता सहित अन्य खामियों को तत्काल दूर कराने की ताकीद करते हुए चेताया कि जल्द सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसीएमओ डॉ. उदयनाथ ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, प्रसव पश्चात (पीएनसी) वार्ड और लेबर रूम का जायजा लिया। उन्होंने लेबर रूम के स्टाफ को अस्पताल आने वाली हर गर्भवती महिला का सबसे पहले ट्रायएज में गहन परीक्षण करने और मामला गंभीर होने पर बिना समय गंवाए उच्च सुविधा वाले अस्पताल रेफर करने के लिए भी निर्देशित किया। इस दौरान मंत्रा पोर्टल पर प्रसव संबंधी डेटा फीडिंग और जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लंबित भुगतानों की स्थिति में खामिया मिलने पर मौजूद जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए भुगतान प्रक्रिया को तत्काल सुधारने लाने के लिए कहा। रात्रिकालीन सिजेरियन प्रसव (एलएससीएस) सेवाओं के अभाव पर चिंता जताते हुए रात में भी सिजेरियन सेक्शन की सुविधा को क्रियाशील करने के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही चेताया कि यदि अगली समीक्षा तक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।