संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में लगी डिजिटल एक्सरे मशीन। - संवाद
श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में लगी डिजिटल एक्सरे मशीन लगभग तीन माह से खराब है। इससे मरीजों को जांच के लिए मात्र एक ही मशीन पर निर्भर रहना पड़ता है।
मरीजों को बेहतर जांच की सुविधा मिल सके, इसके लिए जिला चिकित्सालय में दो डिजिटल एक्सरे मशीन लगाई गई हैं। फिर भी मरीजों को मात्र एक ही मशीन पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कारण यह कि तीन माह से एक मशीन तकनीकी कारणों से बंद है। एक अन्य पोर्टेबल डिजिटल मशीन से मरीजों की जांच की जा रही है। बावजूद इसके मरीजों की संख्या अधिक होने पर लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है।
सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि डिजिटल एक्सरे मशीन में कोई तकनीकी खामी होने से उसका संचालन बंद है। टेक्नीशियन को बुलाकर मशीन को बनवाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह बनने की स्थिति में नहीं है। इसलिए खराब पार्ट बदलने के लिए शासन को कोटेशन भेजा गया है। जल्द ही मशीन के ठीक होने की उम्मीद है।