सीएचसी इकौना में बढ़ें मंगल पर आयोजित भंडारे में प्रसाद वितरण करते श्रावस्ती विधायक
श्रावस्ती। ज्येष्ठ मास के मंगलवार का मंगल मूर्ति श्रीराम भक्त हनुमान की आराधना का विशेष महत्व है। इस दौरान भंडारा आदि का आयोजन करने वालों पर पवन पुत्र की विशेष कृपा बरसती है। इसी महत्व को लेकर ज्येष्ठ के दूसरे मंगलवार पर जिले भर में भंडारे का आयोजन हुआ। इस दौरान कलेक्ट्रेट चौराहे पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में सीएचसी अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव की ओर से भंडारे का आयोजन किया। जिसका शुभारंभ श्रावस्ती विधायक ने मंगलमूर्ति की आरती कर किया। इस दौरान प्रसाद भी वितरित किया गया। सीताद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडे ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमें समाज के लिए कुछ करने का मौका मिलता है। लोगों को प्रसाद के साथ शीतल जल वितरित करना बहुत ही पुनीत कार्य है। इस दौरान स्थानीय हनुमत भक्तों ने प्रथम पूज्य गौरी सुत गजानन व श्रीराम भक्त हनुमान जी के भंडारे का आयोजन किया। जिसकी शुरुआत पवन पुत्र की विधि-विधान से पूजन के साथ हुआ। इसी क्रम में भिनगा, जमुनहा सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में द्वितीय मंगलवार को बाला जी लंगर का प्रसाद वितरण किया गया। जिसमें क्षेत्र वासियों ने बढ़-चढ़ कर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान बजने वाले हनुमत गीतों से क्षेत्र का माहौल हनुमत मय बना रहा।