हरिहरपुररानी ब्लाक का निरीक्षण करती डीएम।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। हरिहरपुररानी विकास खंड कार्यालय का डीएम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रांट रजिस्टर में 2016 से आय व्यय का विवरण नहीं भरा पाया। इससे नाराज डीएम ने लेखाकार को फटकार लगा कर एक माह में सुधार करने को कहा।
डीएम यशु रुस्तगी ने विकास खंड हरिहरपुररानी कार्यालय का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रांट रजिस्टर को देखा। इस रजिस्टर में वर्ष 2016 से ब्लॉक के सभी गांवों के विकास के लिए आई धनराशि एवं उसके व्यय का विवरण नहीं भरा पाया। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सहायक लेखाकार कैलाश नाथ को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही एक माह का समय देते हुए ग्रांट रजिस्टर को ठीक करने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम को पता चला की इस लेखाकार की ओर से अक्तूबर 2016 से कार्य देखा जा रहा है। संबंधित सहायक लेखाकार की ओर से अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने के कारण लेखा का कार्य अधूरा है। इस लापरवाही को देखते हुए डीएम ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया, कि यदि एक माह के अंदर अधूरे ग्रांट रजिस्टर पर धनराशि का विवरण नहीं भरा जाता है तोे लेखाकार के खिलाफ कंपलसरी रिटायर्डमेंट की कार्रवाई के लिए पत्रावली प्रस्तुत की जाए।
निरीक्षण के दौरान ही पाया कि ब्लॉक की ओर से मनरेगा के तहत कराये जाने वाले कार्य की भी पत्रावलियों को अपडेट नहीं किया गया है। इसके बाद भी खंड विकास अधिकारी की ओर से कार्य की स्वीकृत भी दे दी गयी है। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने वही पर उपस्थित खंड विकास अधिकारी यशोवर्धन सिंह को सभी पत्रावलियों को दुरुस्त कराने के साथ ही मनरेगा के तहत कराये जाने वाले कार्यों की सूक्ष्मता के साथ जांच करने को कहा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का कार्य देख रहे संबंधित पटल सहायक ने जब स्वयं सहायता समूहों के गठन का ब्योरा दिया तो पता चला कि अभी मात्र तीन समूहों का गठन किया गया है। वहीं बैंकों को जो पत्रावलियां भेजी गई हैं, उसका निपटारा नहीं हुआ है। इस पर डीएम ने एलडीएम को दूरभाष पर ही सभी लोनिंग की फाइलों का निपटारा कराने को कहा। इस मौके पर डीएम ने ब्लॉक में मौजूद 32 ग्राम रोजगार सेवकों से प्रति माह तीन हजार मानव दिवस सृजित करने को कहा।