एसडीएम इकौना को ज्ञापन सौंपते सपाई।
इकौना। अर्नब तूफान के बाद इकौना तहसील क्षेत्र में पांच दिन से बिजली व्यवस्था प्रभावित है। किसानों की फसलों और मकानों को हुए नुकसान को लेकर मंगलवार को सपा नेता मसूद आलम खान ने एसडीएम रवेंद्र कुमार से मुलाकात की। उन्होंने समस्याओं से अवगत कराते हुए चार सूत्री मांगपत्र सौंपा। मसूद आलम ने कहा कि श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र में पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे जनजीवन प्रभावित है। तूफान के दौरान तेज हवा और बारिश से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद हुईं और कई कच्चे-पक्के मकान गिर गए। उन्होंने बीमा नहीं कराने वाले गरीब किसानों को भी क्षतिपूर्ति व विशेष राहत देने की मांग की। साथ ही गिरे पेड़ों को काटने और बेचने के लिए वन विभाग के परमिट की प्रक्रिया सरल करने तथा लेखपाल से स्थलीय सत्यापन के आधार पर अनुमति देने की मांग की। इस दौरान रामकुमार शुक्ला, रामराज यादव, धर्मचंद्र यादव, बाबू अली, प्रेम यादव, राजेश यादव और विजय कुमार मौजूद रहे।