अंधरपुरवा पुल के निकट मौजूद पुलिसकर्मी व अन्य
इकौना। इकौना क्षेत्र के अंधरपुरवा पुल के निकट राप्ती नदी में रविवार को पयागपुर क्षेत्र के ग्राम पड़री निवासी ऊदल (45) का शव उतराता दिखा। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
अंधरपुरवा पुल के पास से निकल रहे ग्रामीणों को राप्ती नदी में कुछ उतराता दिखा। इस पर लोगों ने पास जाकर देखा तो किसी व्यक्ति का शव दिखाई दिया। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी होने पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव की पहचान कराकर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों से पता चला कि ऊदल शनिवार को इकौना में दवा कराने के लिए आए थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। तलाश करने पर उनका कहीं पता नहीं चला और फोन भी बंद था। प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही फाॅरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।