श्रावस्ती। सिरसिया के राजगुरु जुड़पनिया में गुरुवार सुबह एक अधेड़ की लाश पेड़ पर लटकी मिली। ग्राम चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
राजगुरु जुड़पनिया निवासी विद्याराम (50) कई दिनों से अवसाद में था। बुधवार देर रात वह घर से निकला था। जिसके बाद वह नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसकी लाश बबूल के पेड़ पर उसी के अंगोछे से बंधे फंदे पर लटकी मिली। विद्याराम के चचेरे भाई पतिराम ने उसकी लाश फंदे पर लटकी देख ग्रामीणों को खबर दी। इसी बीच गांव का चौकीदार बजरंग बली भी मौके पर पहुंच गया।
उसने सिरसिया थाने में खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। विद्याराम की हत्या हुई या फिर उसने खुदकुशी की? ये स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी रामसमुझ प्रभाकर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।