रतनापुर (श्रावस्ती)। रामपुर बस्ती निवासी एक किसान मंगलवार को अपने खेत में पानी लगाने गया था। इस दौरान उसे नहर के किनारे दुर्गंध का अहसास हुआ। जहां जाकर देखने पर उसे एक वृद्धा का शव झाड़ियों में फंसा दिखा। इसकी सूचना किसान ने हरदत्त नगर गिरंट चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम हाउस भिनगा भेज दिया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के हरदत्त नगर गिरंट चौकी अंतर्गत ग्राम रामपुर बस्ती निवासी किसान शिवराज मौर्या का खेत नहर के किनारे स्थित है। मंगलवार को शिवराज अपने खेत में पानी लगाने गया था। इस दौरान पंपिंग सेट में पानी डालने के लिए शिवराज नहर से पानी लेने गया था। जहां उसे दुर्गंध का अहसास हुआ। इस पर उसने जब आसपास जाकर देखा तो नहर के किनारे स्थित झाड़ी में उसे एक लाश दिखाई पड़ी।
जिसकी सूचना शिवराज ने हरदत्त नगर गिरन्ट चौकी प्रभारी राम प्रवेश यादव को दी गई। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों के सहयोग से झाड़ियों से शव बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि नहर से मिला शव महिला का है। लाश काफी पुरानी होने के कारण पहचान में नहीं आ रही है। पंचनामा भराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद सही तथ्यों की जानकारी हो सकेगी।