बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को जागरूक करती पुलिसकर्मी। - स्रोत: पुलिस
श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत रविवार को विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि विभिन्न कस्बों व गांवों में 10 स्थानों पर आयोजित सम्मेलन में 1000 से ज्यादा महिलाएं व बालिकाएं मौजूद रहीं। विशेष कर सम्मेलन में तलाकशुदा महिलाएं, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गृहिणी आदि महिलाएं शामिल हुईं।
सम्मेलन में मौजूद महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, साइबर अपराध, आपात स्थितियों से सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों के प्रयोग आदि की जानकारी दी गई।