श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के जोतवा गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई डांसर का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इसकी सूचना के बाद भी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इस पर उसकी मां ने एसपी से मिल कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी के निर्देश के बाद भिनगा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सोनवा के लक्ष्मननगर पुलिस चौकी क्षेत्र में कुछ डांसर परिवारीजनों सहित गैर जिलों से आकर रहती हैं। वे मांगलिक आयोजनों में कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपना जीविकोपार्जन कर रही हैं। कुछ दिन पूर्व भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोतवा निवासी लोगों ने परिवार में मांगलिक आयोजन होने की बात कहकर उन्हें तय तारीख पर बुलाया था। जिसमें कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए दो डांसर बीते दिन जोतवा गांव गई थी। गांव में पहुंचने पर उन्हें पता चला कि वहां पर कोई कार्यक्रम नहीं है। इसी बीच वहां मौजूद एक बोलेरो सवार कुछ लोगों ने बंदूक के बल पर एक डांसर का अपहरण कर लिया। इसकी सूचना साथ में मौजूद दूसरी डांसर ने परिवारीजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने भिनगा कोतवाली पहुंच कर मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी पर पुलिस ने जांच की बात कही। इस पर डांसर की मां ने एसपी अरविंद कुमार मौर्या से मिल कर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर डांसर व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि आरोपियों व डांसर की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उन्हें खोज निकाला जाएगा।