बहराइच के चहलारी घाट स्थित घाघरा नदी में मगरमच्छ छोड़ते वनकर्मी।
तुलसीपुर। हरदत्तनगर गिरंट वन क्षेत्र की ग्राम पंचायत ददौरा स्थित तालाब में सोमवार सुबह मगरमच्छ देख ग्रामीण सहम गए। सूचना पर आई वन विभाग की टीम ने घंटों मशक्कत कर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया और उसे बहराइच में चहलारी घाट के पास घाघरा नदी में छोड़ा। बहराइच की घटना के चलते रेस्क्यू होने तक ग्रामीण सहमे रहे।
हरदत्तनगर गिरंट वन क्षेत्र के ददौरा गांव निवासी वीरेंद्र यादव सोमवार सुबह तालाब के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्हाेंने तालाब के पास मगरमच्छ को बैठे देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना हरदत्तनगर गिरंट वन रेंज कार्यालय को दी। सूचना पर उप प्रभागीय वनाधिकारी वेद प्रकाश अपनी टीम क्षेत्रीय वनाधिकारी हरदत्तनगर गिरंट हरि नारायण सिंह, वन दरोगा मोहम्मद तौफीक खान, अजय कुमार कश्यप, वन रक्षक प्रदीप कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने महाजाल मंगवाकर सावधानीपूर्वक अभियान चलाया और घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद वन टीम ने मगरमच्छ को बहराइच जिले के चाहलारी घाट स्थित घाघरा नदी में छोड़ा।