जमुनहा (श्रावस्ती)। झरिहकडीह मोड़ के निकट गुरुवार देर शाम मवेशियों से बचने का प्रयास कर रहे साइकिल सवार को पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। जख्मी साइकिल सवार को जिला अस्पताल बहराइच ले जाया जा रहा था। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चमरपुरवा के मजरा झरिहकडीह निवासी परशुराम यादव (62) पुत्र पुत्तीलाल यादव साइकिल से गुरुवार शाम बहादुर बाबा कुट्टी दमोदरा जा रहा था। परशुराम झरिहकडीह मोड़ पर मवेशियों से बचने के लिए उसने साइकिल की रफ्तार कम कर दिया।
इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उये को टक्कर मार दी। परशुराम गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से परशुराम को बहराइच के नवाबगंज स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल बहराइच ले जाने की सलाह दी गई। बहराइच ले जाते समय परशुराम की रास्ते में मौत हो गई।
मृतक के भाई राजकिशोर की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी मल्हीपुर वकील पांडेय ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी मोटर साइकिल सवार की तलाश की जा रही है।