हराइच-भिनगा मार्ग के किनारे एंबुलेंस का इंतजार करते घायल दंपती। -संवाद
श्रावस्ती। बहराइच-भिनगा फोरलेन पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय भिनगा में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। घायलों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के एक घंटे बाद तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
भिनगा क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी भोला (50) मंगलवार शाम पत्नी सुशीला (45) के साथ साइकिल से घर जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में भोला का दायां पैर टूट गया, जबकि सुशीला के सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस के टोल फ्री नंबर पर फोन किया। आरोप है कि एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची और घायल सड़क किनारे पड़े रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एएसपी चंद्रकेश सिंह ने रुककर दोनों घायलों को ई रिक्शे से जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसे की जांच की जा रही है।