श्रावस्ती। खालेककरा गांव में रविवार रात फूस के मकान में सो रहे दंपती पर देर रात कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया गया। पत्नी की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने पुत्री की तहरीर पर गांव निवासी पिता-पुत्र पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र भिनगा के ग्राम खालेककरा निवासी गुड़ई उर्फ ब्रह्मा (40) पुत्र छोटे लाल गांव के बाहर स्थित मंदिर के बगल फूस का मकान बना कर रहता है। उसकी पत्नी मुनक्की देवी (38) भी साथ ही रहती थी। रविवार रात दंपती घर पर सो रहे थे। मध्य रात के करीब उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। मुनक्की देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि ब्रह्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने घायल ब्रह्मा को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। मामले में मृतका की पुत्री शीला की तहरीर पर पुलिस ने खालेककरा निवासी बालकराम पुत्र सुग्गू व अमरजीत पुत्र बालकराम के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं घटना की जानकारी के बाद गांव पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे व सीओ सिटी हौसला प्रसाद ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक भिनगा देवेंद्र पांडे को विवेचना सौंपते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।