श्रावस्ती। गश्त के दौरान सोमवार रात सिरसिया पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। टीम ने 120 बोतल बीयर व 65 पीस देशी शराब के साथ दंपती को गिरफ्तार किया। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि अपराधों की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार की रात रायपुर चौकी प्रभारी रमन वर्मा, सिरसिया थाने के उपनिरीक्षक मनोज कुमार टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान गुप्त सूचना पर राजपुर मोड़ तिराहे से तालबघौड़ा जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग के ऑटो को रोका। तलाशी में ऑटो से पांच पेटी बीयर (प्रत्येक पेटी में 24 बोतल), 20 पीस देशी तेजस बुलंद शराब व एक पेटी देशी शराब झूम के 45 पीस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोतीपुर कला निवासी राजेंद्र व उसकी पत्नी के रूप में हुई है।