मार्ग दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण।
- फोटो : SRAWASTI
इकौना/कटरा (श्रावस्ती)। भांभेपारा गांव के निकट शनिवार शाम एक कार व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती सहित मासूम को गंभीर चोट आई। मौके पर एंबुलेंस के न पहुंचने से मौके पर मौजूद एक बौद्ध भिक्षु ने घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की हालत गंभीर बनी है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरी निवासी किशुन कुमार शनिवार को किसी काम से इकौना गया था। इस दौरान उसके साथ उसकी पत्नी सुमन व एक वर्षीय पुत्र भी मौजूद था। शाम को वह वापस घर लौट रहा था। इसी बीच भांभेपारा गांव के निकट एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे किशुन कुमार, सुमन व उसके पुत्र को चोट आई।
मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा। इस पर वहां मौजूद बौद्ध भिक्षु ने तीनों घायलों को अपने वाहन से सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे बहराइच रेफर कर दिया।
अस्पताल में भी एंबुलेंस न मिलने पर बौद्ध भिक्षु ने ही महिला को बहराइच अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं कार चालक मौके का फायदा उठा कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने बीच मार्ग पर पड़ी मोटर साइकिल को अपने कब्जे में लेकर आवागमन बहाल कराया। वहीं पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।