श्रावस्ती। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के दौरान जमुनहा के लालबोझा व गिलौला के मनसुखा में ग्राम प्रधान का पद रिक्त होने के कारण मतदान कराया गया था। जहां पड़े मतों की सोमवार को गणना कराई गई। इस दौरान 41 मत से लखपता लालबोझा की व 140 मत से रानी देवी मनसुखा की प्रधान चुनी गई।
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में विकास खंड जमुनहा के ग्राम पंचायत लालबोझा में प्रधान पद के लिए पड़े मतों की गणना सोमवार का विकास खंड परिसर जमुनहा में कराई गई। यहां कुल 1059 मतदाताओं में से 879 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना के दौरान लखपता को 344 मत प्राप्त हुए। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी सुमन वर्मा को 303 व गीता देवी को 222 मत मिले। वहीं 10 मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना के बाद लखपता को 41 मत से विजेता घोषित किया गया।
वहीं क्षेत्र के चंदन कोटिया वार्ड नंबर 100 में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए हुए चुनाव में रहमातुन पत्नी सद्दाम को 362 व रेशमा पत्नी गुडु उर्फ परवेज को भी 362 मत मिले। दोबारा रीकाउंटिंग करने पर भी बराबर मत मिलने के कारण गोटी डलाई गई। जिसमें रेशमा विजेता घोषित हुई। इस मौके पर उपजिलाधिकारी जमुनहा प्रवेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह व चौकी प्रभारी आदि मौजूद रहे। वहीं गिलौला विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनसुखा में प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में सर्वाधिक 386 मत प्राप्त कर रानी देवी पत्नी मोतीलाल ग्राम प्रधान चुनी गई। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी रानी देवी पत्नी धनीराम को मात्र 246 मत प्राप्त हुए।