श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत 18 स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं के कोविड 19 टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1129 महिलाओं का टीकाकरण कराया गया। टीकाकरण के बाद महिलाओं ने साठ वर्ष पूर्ण कर चुकी महिलाओं सहित गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं से नि:संकोच होकर टीकाकरण कराने की अपील की।
जिले में तीसरे चरण का टीकाकरण कार्यक्रम संचालित कराया जा रहा है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिला व पुरुषों सहित गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 से 59 वर्ष तक के लोगों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं का विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीएचसी सिरसिया में 90, गिलौला में 60, इकौना में 20, मल्हीपुर में 67, भिनगा में 45, पीएचसी टिटिहिरिया में 38, पड़वलिया में 67, लक्ष्मनपुर में 80, सोनवा में 79, तिलकपुर में 61, कटरा में 21, सेमरी तरहर में 21, नासिरगंज में 130, जमुनहा में 90, गिरंट में 56, हरिहरपुररानी में 144, परेवपुर में 40 व सीडीएच भिनगा में 20 महिलाओं का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण कराने वालों में भिनगा राजपरिवार की रानी सुभाश्री देवी ने भी कोविड 19 का टीका लगवाया। साथ ही उन्होंने सभी वरिष्ठ महिलाओं से निसंकोच अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोविड 19 का टीका लगवाने की अपील किया है। जिससे वैश्विक महामारी कोरोना को जड़ से समाप्त किया जा सके।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में मोरबिडिटी मैनेजमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ पाथ संस्था से आए क्षेत्रीय नोडल अधिकारी व फाइलेरिया प्रोग्राम डॉ. (मेजर) पूनम मिश्रा ने बताया कि फाइलेरिया एक कृमि जनित रोग है जो कि मच्छर के काटने से फैलता है। हमें अपने घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए। वहीं एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष एमडीए कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली दवाइयों का सेवन करें। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाएं। मोरबिडिटी कैंप में आए लिंफोडेमा के मरीजों को उनके प्रभावित अंगों के रखरखाव के बारे में बताया गया। साथ ही सीएचसी के स्टाफ नर्स द्वारा इसका डेमोंसट्रेशन भी किया गया। कैंप में कुल 12 मरीज आए थे जिन्हें सीएमओ कार्यालय की तरफ से किट भी प्रदान की गई। कैंप में एमओआईसी डॉ. अशीष श्रीवास्तव, डीएमओ मंजूशा गुप्ता, बीसीपीएम मोहम्मद वसीम, गौतम, स्टाफ नर्स पूनम, डीसी शोएब जैदी, मलेरिया टीम शामिल रही।