श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में तीन और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं एक संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ भी हुआ है। जिसे एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए घर भेजा गया हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में हरिहरपुररानी के मनिकापुर राजावीरपुर के मजरा हसनापुर निवासी एक, जमुनहा बाजार निवासी एक व जमुनहा के वीरगंज बाजार निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही गिलौला बाजार निवासी एक व्यक्ति कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुआ। जिसे एहतियात बरतने, बगैर मास्क घर से बाहर न निकलने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करने की सलाह देकर घर भेजा गया है।
जिले में अब तक 121779 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 120688 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। अब तक 1114 लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं 119574 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। कोरोना से अब तक 13 लोगों की मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 40 एक्टिव केस हैं।
कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 204 पहुंच चुकी है। इनमें से सात जोन अब भी सक्रिय हैं। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। सामाजिक दूरी बनाएं रखें। घर पर वापस लौटने व समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहे।