श्रावस्ती। जिले में लॉकडाउन का पालन नहीं हो पा रहा है। सब्जी मंडी में रोज सुबह भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर भी सामाजिक दूरी पालन के नियमों की धज्जियां उड़ रही है। इसके चलते कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। कोरोना संक्रमण की उपस्थिति जिले में दर्ज हो चुकी है।
जमुनहा, इकौना व सिरसिया के लक्ष्मनपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। अब प्रशासन इन पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए व्यक्तियों की तलाश कर रही है। इसके बाद भी जिले में लोग इस बीमारी को लेकर जागरूक नहीं हैं। इसी के कारण सब्जी मंडी में सुबह इतनी भीड़ एकत्र हो रही है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है।
वहीं लोग मास्क का भी प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इस तरह का नजारा प्रतिदिन ही देखने को मिलता है। सामान लेते समय इन्हें यह भी ध्यान नहीं रहता कि बगल खड़ा कोई व्यक्ति कोरोना से संक्रमित हो सकता है। छोटी सी मंडी में एक साथ सैकड़ों लोग घुसे रहते हैं। इसके साथ ही बाहर से सब्जी लाने वाले ट्रक, रिक्सा, ठेला व अन्य वाहनों की भीड़ अलग से रहती है। यही स्थिति बाजारों में खुली दुकानों व गली मोहल्लों की भी है।