संवाद न्यूज एजेंसी इकौना (श्रावस्ती)। लोहारन पुरवा में शुक्रवार देर शाम ट्रांसफार्मर बदलते समय संविदा लाइनमैन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शटडाउन लेने के बावजूद काम के दौरान बिजली आपूर्ति बहाल होने के कारण लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम इकौना ने उपकेंद्र परिचालक (एसएसओ) के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इकौना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सुनील कुमार शुक्ला (32 ) पुत्र जवाहर लाल शुक्ला बिजली निगम में संविदा लाइनमैन थे। वह क्षेत्र के ही विद्युत उपकेंद्र आईपीडीएस मध्य नगर में तैनात थे। शुक्रवार को वह क्षेत्र के ही लोहारन पुरवा गांव में ट्रांसफार्मर बदलने व अनुरक्षण के लिए वर्कशॉप टीम को मदद करने गए थे। इस दौरान वह विद्युत उपकेंद्र मध्य नगर में ड्यूटी पर तैनात उपकेंद्र परिचालक (एसएसओ) मोहम्मद आमिर से लाइन का शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर बदल रहे थे। इसी बीच एसएसओ ने बगैर शटडाउन वापस किए आपूर्ति बहाल कर दी। इससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सीएचसी इकौना लाया गया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच में हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
एसडीएम इकौना ओमप्रकाश का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में आया था। प्रथमदृष्टया जांच में एसएसओ आमिर की पूरी गलती पाई गई है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दोषी के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। वहीं संविदा लाइनमैन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। इस मामले में अवर अभियंता अभय कुमार ने एसएसओ के खिलाफ इकौना थाने में तहरीर दी है।