श्रावस्ती। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अवसर पर जिले में तीन दिवसीय जिला स्तरीय निवेश कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें लक्ष्य की तुलना में आठ गुना अधिक पूंजी निवेश का एमओयू किया गया है। इसका शुभारंभ शुक्रवार डीएम, एसपी व सीडीओ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि जिले में पर्यटन व उद्योग स्थापना सहित अन्य क्षेत्रों में विकास की अपार संभावनाएं हैं। बौद्ध तपोस्थली के सहेट महेट, इकौना के सीताद्वार व सिरसिया के विभूति नाथ मंदिर सहित सोनपथरी पर्यटन स्थल है। सीताद्वार झील की सफाई कराने के साथ ही यहां बोट की सुविधा प्रारंभ हो चुकी है। जल्द ही अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। किसी भी जिले के विकास के लिए आवागमन के संसाधन बेहद जरूरी हैं। श्रावस्ती एयरपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में है। जबकि रेल लाइन बिछाने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जल्द ही इनका संचालन प्रारंभ होगा। जिले से महानगरों के लिए निगम की बसों का संचालन प्रारंभ हुआ है। इससे व्यापारियों को सहूलियत मिलेगी।
जिले को यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में तीन सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव मिला था। जिसके सापेक्ष 2340 करोड़ रुपये के निवेश का अनुबंध किया गया है। योजनाएं धरातल पर उतरीं तो जिले के लोगों व युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। इकौना के नत्था पुरवा में मिनी उद्योग संस्थान के विकास के लिए 82 लाख रुपये मिले थे। जिससे नाली सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। जिले में भूमि का चयन हो चुका है।
जल्द ही मेडिकल काॅलेज की स्थापना कराई जाएगी। जबकि गल्ला मंडी का संचालन प्रारंभ कराया गया है। इससे किसानों को फायदा होगा। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह, एसपी प्राची सिंह, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, एडीएम डीपी सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे सहित जिला स्तरीय अधिकारी व उद्यामी सहित छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।
हर स्तर पर व्यापारियों को सहयोग देगा प्रशासन
जिला स्तरीय निवेश कुंभ में आए उद्यमियों को डीएम ने आश्वासन दिया कि शासन स्तर से उन्हें जो सहायता मिलनी है वह तो मिलेगी ही। इसके अतिरिक्त जिला स्तर से उन्हें जो भी सहयोग चाहिए होगा वह मुहैया कराया जाएगा। उद्यमी उद्योग स्थापना के लिए भूमि, सुरक्षा व जो भी सहयोग मांगेंगे वह उन्हें दिया जाएगा। ताकि वह उद्योग स्थापित कर जिले के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सके।
कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
कलेक्ट्रेट के तथागत हाल में सूचना विभाग की ओर से लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान मौजूद व्यापारियों व छात्र छात्राओं ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री सहित देश के प्रमुख उद्योगपतियों की बातों को सुना।
यहां हैं रोजगार की संभावनाएं
दो वर्ष में प्रारंभ होगी पॉलीमर इंडस्ट्री सिरसिया के सर्रा बोझी में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से पॉलिमर इंडस्ट्री का निर्माण कराया जा रहा है। जहां प्लास्टिक का उत्पाद किया जाएगा। इंडस्ट्री का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। इसका निर्माण करा रहे अजीत सिंह के अनुसार इस इंडस्ट्री का निर्माण दो वर्ष में पूरा हो जाएगा। इसमें करीब 100-200 लोगों को रोजगार मिलेगा।
बौद्ध तपोस्थली में करीब साढ़े पांच एकड़ भूमि में करीब साठ करोड़ रुपये की लागत से होटल व रिजॉर्ट का निर्माण कराया जाएगा। वहीं इकौना के कटरा लालबोझी मार्ग किनारे छह एकड़ भूमि में करीब 90 करोड़ की लागत से सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। जहां विद्युत उत्पादन कर उसे बेचा जाएगा। इसके साथ ही यहां करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटिक मशीन से ईंट निर्माण उद्योग की स्थापना होगी। इसके लिए विवेकानंद सत्या की ओर से भूमि खरीदी जा चुकी है।
जमुनहा के तुलसीपुर में करीब एक एकड़ में अन्नपूर्णा राइस मिल व अन्नपूर्ण इंडस्ट्रीज का निर्माण कराया जा रहा है। जहां चावल का उत्पाद होगा। यहां करीब साठ लोगों को रोजगार देने की योजना है। इसका निर्माण करा रहे राम कुमार वर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
बाक्स में-
जमुनहा क्षेत्र में ही आनंद प्रकाश वर्मा भी राइस मिल की स्थापना करा रहे हैं। जिसका कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इसका संचालन प्रारंभ होने से करीब पचास लोगों को रोजगार मिलेगा। जबकि करीब 25 श्रमिकों को भी नियमित रूप से रोजगार मिलेगा।
पवनेश शुक्ला की ओर से वेयर हाउस व मेडिकल काॅलेज की स्थापना कराई जाएगी। जिसके पीछे उनका उद्देश्य है कि वह स्थानीय स्तर पर न सिर्फ शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार देंगे। बल्कि छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए स्थानीय स्तर पर ही सुविधा भी प्रदान करेंगे।
भिनगा में सोनू तिवारी की ओर से ई-रिक्शा प्लांट स्थापित कराया जा रहा है। जिसका संचालन प्रारंभ होने पर जहां स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं सस्ते मूल्य पर लोगों को ई-रिक्शा भी मिल सकेगा।