श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में संविदा पर तैनात एएनएम द्वारा मरीज व तीमारदारों से अवैध उगाही की जा रही है। इसका खुलासा होने के बाद मुख्य चिकित्साधीक्षक ने सीएमओ को पत्र भेज कर कार्रवाई करने को कहा है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में संविदा पर तैनात एएनएम विजय लक्ष्मी पर कई मरीज व उनके तीमारदारों द्वारा टीकाकरण के नाम पर अवैध उगाही का आरोप लगाया गया था। इसकी शिकायत पीड़ितों द्वारा मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. जेटा लाल से की गई थी। इसके बाद सीएमएस द्वारा जब अपने स्तर से जांच की गई तो संविदा एएनएम विजय लक्ष्मी टीका लगाने के नाम पर धन उगाही करते मिलीं। इसका खुलासा होने के बाद मुख्य चिकित्साधीक्षक ने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेज कर कार्रवाई करने को कहा है।
सीएमओ को भेजे पत्र में सीएमएस ने कहा है कि संविदा एएनएम विजय लक्ष्मी द्वारा टीका लगवाने आए बच्चों के परिजनों से आए दिन पैसे की मांग की जाती है। जबकि सरकार की मंशा के अनुसार यह सेवा पूरी तरह से नि:शुल्क है। इसके बावजूद संविदा एएनएम यह कृत्य पूर्व से ही करती आ रही है। इससे टीकाकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सेवा समाप्त करने के साथ ही उसके स्थान पर किसी स्थाई स्वास्थ्य महिला कार्यकर्ता की तैनाती की जाए ताकि टीकाकरण का कार्य शासन की मंशा के अनुरूप कराया जा सके। इस बारे में सीएमओ डा. एपी भार्गव बताते हैं कि सीएमएस का पत्र मिला है। संविदा एएएनएम के स्थान पर दूसरी एएनएम की तैनाती की गई है। जल्द ही संविदा एएनएम विजय लक्ष्मी पर कार्रवाई की जाएगी।