जमुनहा तहसील में चल रहा शौचालय का निर्माण कार्य। - संवाद
तुलसीपुर। जमुनहा तहसील की स्थापना के बाद से ही सार्वजनिक शौचालय की मांग की जा रही थी। इसके अभाव में अधिवक्ताओं व वादकारियों को काफी दिक्कत होती है। इस समस्या को अमर उजाला ने दो दिसंबर के अंक में शीर्षक- जमुनहा तहसील में नहीं शौचालय... से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर तहसील प्रशासन ने सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू करवा दिया है।
तहसील परिसर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में फरियादी, अधिवक्ता व आम नागरिक आते हैं। परिसर में सार्वजनिक शौचालय न होने से भटकना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है। शौचालय निर्माण शुरू होने से सभी ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय अधिवक्ताओं ने अमर उजाला के माध्यम से उठाई गई जनसमस्या के समाधान को सकारात्मक कदम बताया है। इसके साथ ही शौचालय निर्माण पूरा होने के बाद साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव रखने की मांग की है। एसडीएम संजय कुमार राय ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण जल्द पूरा करवा कर इसे शुरू करवा दिया जाएगा।