यूपी के श्रावस्ती में भिनगा क्षेत्र के केवलपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम जहरीला फल खाने से 32 बच्चों व महिलाओं की हालत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त शुरू हो गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय, भिनगा पहुंचाया। वहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है।
बताया गया कि केवलपुर ग्राम पंचायत निवासी कुछ बच्चे खेत में मवेशी चराने के गए थे। वहीं पर उन्होंने जहरीला फल (परबतिया रेड़) का बीज खा लिया। खाने में उसका स्वाद अच्छा लगा तो वो उसे तोड़कर घर ले आए। घर पर अन्य बच्चों व महिलाओं ने भी खाया। कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी व पेट दर्द की शिकायत पर परिजनों ने सभी को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। सभी को रात में भर्ती रखा गया। सुबह हालत सुधरने पर घर भेज दिया गया। शनिवार की सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा पीड़ितों का हाल जानने उनके घर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को किसी भी अनजान फल व बीज न खाने की सलाह दी। इस मौके पर हरिहरपुर रानी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुभाष सत्या, उदय प्रकाश त्रिपाठी, सौरभ सिंह, सुभम सिंह चौहान, पवन शुक्ला आदि मौजूद रहे।
इन लोगों ने खाया जहरीला फल
जहरीला फल खाने वालों में लवकुश (14), सुनील (12), सूरज (8), रूपा (6), बग्गू (8), मोंटा (7), सूरज (9), लव कुमार (11), मनोहर (10), गुड्डू (7), शुभम (11), मीरा (8), सुनील (8), शिवकुमार (8), मोनू (18), अभिषेक (14), सानिया (17), सचिन (10), हरीराम (7), बुधरानी (30), माधुरी (4), सुशील (12), शिवबालक (8), संदीप (15), मीरा देवी (8), सुघरा (12), मनीषा (8), सुनील (25), सुखराजा (42), दिलीप (8), सुमन (12) व करन (14) शामिल हैं। ये सभी लोग केवलपुर गांव के रहने वाले हैं।
फल खाने से बिगड़ी हालत
सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि कोई जहरीला फल खाने से बच्चों व महिलाओं की हालत बिगड़ी थी। रात में उन्हें भर्ती रखा गया। सुबह हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया है। अब सभी की हालत ठीक है।