कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती स्थित हवाई पट्टी से जल्द ही हवाई सेवा प्रारंभ कराने की तैयारी है। इसके लिए हवाई पट्टी के विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इसका सोमवार को विशेष सचिव मुख्यमंत्री व नागरिक उड्डयन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिशासी अभियंता को अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने व कमियां दूर करने का निर्देश दिया।
श्रावस्ती में निर्माणाधीन हवाई पट्टी का सोमवार की शाम विशेष सचिव मुख्यमंत्री व नागरिक उड्डयन सुरेंद्र कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विस्तारीकरण के लिए कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता एसपी गुप्ता को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से अधूरे कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
इस दौरान विशेष सचिव से अधिशासी अभियंता ने बताया कि हवाई पट्टी पर 4000 मीटर बाउंड्री वॉल, रनवे, एप्रन, टैक्सी वे, रोड, फायर स्टेशन, टर्मिनल बिल्डिंग का रेनोवेशन का कार्य पूर्ण हो गया है। रनवे के समानांतर ग्रेडिंग का कार्य चल रहा है। हवाई पट्टी पर पांच वाच टावर बनने थे। जिनमें से चार टावर बन चुके हैं।
विशेष सचिव ने पूरी हवाई पट्टी क्षेत्र का भ्रमण कर कराए गए कार्यों का जायजा लिया। अधूरे कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि गुणवत्ता में कहीं भी कमी मिली तो संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। संबंधित विभागीय अभियंता अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन कर हवाई पट्टी के अधूरे कार्य को तत्काल पूरा कराएं।
जिससे हवाई पट्टी का संचालन प्रारंभ हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि वह अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराएं। कार्यों की प्रगति की निरंतर रिपोर्ट देते रहें। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना महेंद्र पाल शर्मा, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार, थाना प्रभारी अनिल कुमार दीक्षित, चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।