कस्तूरबा गांधी विद्यालय में एमडी देखती राज्य महिला आयोग की सदस्य।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भिनगा सहित महिला थाना, वृद्धा आश्रम व आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में भोजन व्यवस्था तथा थाने में अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की।
महिला आयोग की सदस्या कुमुद श्रीवास्तव ने गुरुवार को महिला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने के गेट के सामने वाहन खड़े मिले। इस पर उन्होंने वाहनों को हटवाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने अभिलेखों का परीक्षण व सत्यापन भी किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि जिले में किसी भी थाना क्षेत्र से कोई भी फरियादी किसी भी अधिकारी की शिकायत करता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।इसके बाद वह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भिनगा पहुंची। यहां पर उन्होंने विद्यालय में बन रहे भोजन का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को दिए जाने वाले दूध में पानी की मात्रा अधिक मिलने पर वार्डेन से जानकारी ली, इसका वार्डेन संतोष जनक उत्तर नहीं दे सकीं।
इस पर उन्होंने बीएसए को अनुपात के अनुसार ही सामग्री बनवाने, गुणवत्तायुक्त भोजन देने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने बच्चों की उपस्थित पंजिका, आगंतुक पंजिका, अभिभावक पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। वहीं जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्धाश्रम जाकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस मौके पर महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।