संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद सुनते डीएम व एसपी। -स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस लगा जिसमें कुल 25 मामले आए। इनमें से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया और शेष के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान इकौना निवासी नवल किशोर ने अफसरों से गुहार लगाई कि उनकी जमीन का एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहण किया गया था लेकिन एक साल बाद भी मुआवजा नहीं मिला।
भिनगा तहसील में जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी राहुल भाटी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। सिरसिया क्षेत्र के ग्राम परसिया राजा निवासी अमिता ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत लाभ दिलाए जाने की मांग की। इस पर डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया।
हेमपुर के ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनकी जमीन पक्की सड़क के किनारे है और कीमती भी है। ऐसे में गांव के एक दबंग ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस पर डीएम ने तहसीलदार भिनगा व थानाध्यक्ष सिरसिया को मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान कुल सात मामले आए जिनमें से दो का निस्तारण किया गया।
इसी तरह से जमुनहा में आईं आठ शिकायतों में से एक व इकौना में आईं 10 शिकायतों में से दो का मौके पर निस्तारण किया गया।
सड़ की मरम्मत कराने की मांग
भिनगा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर इटवरिया के मजरा सोखापुरवा निवासी इसराइल ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया। इसमें पीड़ित ने कहा है कि उसका गांव नगर क्षेत्र में आता है। गांव का मार्ग कच्चा होने से उसपर हमेशा कीचड़ भरा रहता है। गांव के कई लोगों का यह मुख्य मार्ग है। पीड़ित ने मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
अधिग्रहीत भूमि का नहीं मिला मुआवजा
इकौना क्षेत्र के ग्राम खरगूपुर निवासी नवल किशोर ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया। पीड़ित ने दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में उसकी भूमि अधिग्रहीत की गई थी। किंतु अब तक अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा नहीं मिल सका है। ऐसे में तहसील व जिले के उच्चाधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगाने को विवश है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।