इकौना कस्बे में क्लीनिक को सील करता कर्मी।
इकौना। इकौना कस्बे में सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने निजी अस्पताल, पैथाेलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान एक क्लीनिक को सील कर दिया गया। वहीं, बिना चिकित्सक चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कस्बे में सीएचसी गेट, बाइपास और बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटर धड़ल्ले से संचालित हो रहे थे। बीते दिनों समाधान दिवस में एक अधिवक्ता ने जिलाधिकारी से इस संबंध में शिकायत की थी। अमर उजाला के अंक में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने इस पर संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीएम इकौना रवींद्र कुमार को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने क्षेत्र के कई क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों पर छापा मारा। यह कार्रवाई अनियमितताओं को रोकने के लिए की गई।
इस दौरान चौक बाजार स्थित बीके क्लीनिक में गंभीर अनियमितताएं मिलें। क्लीनिक में बिना किसी योग्य चिकित्सक के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। टीम के जिम्मेदारों ने बताया कि एक स्वीपर मरीजों को देख रहा था। एसडीएम ने तत्काल बीके क्लीनिक को सील करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधीक्षक को फर्जी चिकित्सक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का भी आदेश दिया। यह कार्रवाई अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की गई।
संयुक्त टीम ने कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों का भी निरीक्षण किया। इन सेंटरों में भी चिकित्सक मौजूद नहीं थे। वे बिना किसी विशेषज्ञ की देखरेख के संचालित हो रहे थे। टीम ने ऐसे सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों को नोटिस जारी किया। उनसे इस संबंध में जल्द से जल्द जवाब मांगा गया है। प्रशासन ने इन सेंटरों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्णय लिया है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. ठाकुर दास, इकौना सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे।