श्रावस्ती। मौसम का मिजाज दिन-ब-दिन गर्म होता जा रहा है। ज्यादातर बच्चे लू की चपेट में आ रहे हैं। इमरजेंसी वार्ड में बनाए गए लू वार्ड में शनिवार को उल्टी-दस्त व पेट दर्द से पीड़ित चार बच्चे भर्ती हुए।
संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। ओपीडी शुरू होने से पहले ही लोग परचा बनवाने की लाइन में खड़े नजर आते हैं। इनमें सबसे अधिक गर्मी व धूप से होने वाली बीमारियों के मरीज ही नजर आते हैं।
इमरजेंसी वार्ड में शनिवार को उल्टी-दस्त व पेट दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। इनमें मटखनवा निवासी बंटी (10), सलारपुर निवासी उमेश (12), लक्ष्मनपुर निवासी इमाम हुसैन (8) व भरथा निवासी चांदनी (15) शामिल हैं।
कई अन्य लोग भी मौसम जनित बीमारियों से ग्रसित नजर आए। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ध्रुव कुमार मिश्रा ने बताया कि यह मौसम बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी के लिए हानिकारक है। बच्चे धूप में खेलने व खानपान पर स्वयं ध्यान न रखने से अक्सर लू की चपेट में आ जाते हैं।
लू से बचाव के लिए बरतें ये सावधानी
चिकित्सक डॉ. ध्रुव मिश्रा ने बताया कि लू से बचाव के लिए दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में कतई न निकलें। गर्म हवा से बचने के लिए दरवाजे व खिड़कियों को बंद रखें, यदि खोलना आवश्यक हो तो गीले परदे व बांस की चिक लगाएं। सिर, कान, गर्दन व चेहरा ढक कर रखें और हल्के सूती कपड़े पहनें। नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी आदि का भरपूर सेवन करें। चाय, कॉफी व शराब आदि का सेवन न करें। इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। यदि चक्कर, उल्टी-दस्त, ज्यादा पसीना आए तथा बेहोशी की स्थिति पैदा हो तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।